Tuesday, June 19, 2012

जहां MP में बारिश वहीं UP में मॉनसून में देरी

भोपाल। मध्य प्रदेश में जारी बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य में लोगों को गर्मी से राहत मिली है लेकिन उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में जारी बारिश के दौर से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और अब अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल में आठ मिलीमीटर, ग्वालियर में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के अनेक हिस्सों में आगामी समय में बारिश के आसार बने हुए हैं। दूसरी तरफ यूपी में मॉनूसन में देरी के चलते धूप की तपिश और लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के भीतर सूबे में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता ने बताया कि मॉनसून की रफ्तार इस साल धीमी है। जून के दूसरे सप्ताह में पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक देने वाला मॉनसून इस बार 23-24 जून को राज्य में आ सकता है। उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ में इसका प्रभाव 27-28 जून को दिखेगा। एक-दो दिन के भीतर कुछ इलाकों में मॉनसून पूर्व की बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह का न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी के अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और बरेली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

No comments:

Post a Comment